गोल्ड कोस्ट में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स-2018 खेलों के दूसरे दिन भी भारत ने पदक जीतकर शुरुआत की। भारतीय वेटलिफ्टर संजीता चानू ने महिला वेटलिफ्टिंग के 53 किलोग्राम कैटेगरी 192 किलो उठाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स-2018 के पहले दिन वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने भी रिकॉर्ड बनाते हुए भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल हासिल किया। मणिपुर की चानू ने इस स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया और अपने प्रतिद्वंद्वियों को आस-पास भी नहीं भटकने दिया था। चानू ने एक साथ राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड और गेम रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वहीं 25 वर्षीय गुरुराजा पुजारी ने 56 किलोग्राम (मेन्स) वर्ग में कुल 249 किलो (स्नैच में 111 किलो और क्लीन एंड जर्क में 138 किलो) वजन उठाया। गुरुराजा ने जहां पहली कोशिश में 107 किलो भार उठाया तो वहीं अपनी दूसरी कोशिश में उन्होंने 111 किलो भार उठाने की कोशिश की, लेकिन उसे फाउल करार दिया गया। इसके बाद उन्होंने तीसरी कोशिश में 111 किलो भार उठा लिया।
ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 11 दिन तक चलने वाले इन खेलों में भारत के 200 से ज्यादा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। साल 2014 में भारत ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ खेलों में 64 पदक हासिल किए थे। इस बार देश को पिछली बार से ज्यादा पदक लाने की उम्मीद है।