Sunday, September 8, 2024
featuredदिल्लीदेश

मनोज तिवारी के घर पर हुआ हमला तो बोले – इसके पीछे बड़ी साजिश, जिसमें पुलिस भी है शामिल

SI News Today

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के घर रविवार देर रात हमला हुआ है। सोमवार सुबह पुलिस ने इस मामले में 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मनोज तिवारी ने रात 2 बजे इस हमले के बारे में ट्वीट भी किया और बताया कि 8 से 10 लोगों ने उनके सेंट्रल दिल्ली स्थित 159 नॉर्थ एवेन्यू घर पर हमला किया है। मनोज तिवारी ने कहा कि यह उनके घर पर नहीं बल्कि उनकी जिंदगी पर हमला है। हालांकि जिस समय हमला हुआ तब तिवारी घर पर मौजूद नहीं थे। तिवारी ने बताया कि उनके स्टाफ के दो लोगों के साथ मारपीट हुई है।
मनोज तिवारी ने कहा, “निश्चित रूप से इसमें बड़ी साजिश दिखती है और इसमें पुलिस की भी मिली भगत दिख रही है। ये क्या हो रहा है दिल्ली में कि थाने से 100 कदम की दूरी पर कुछ बदमाश सांसद के घर में घुसकर मारपीट करते हैं। 25-30 मिनट तक उत्पात मचाते हैं। हमारे पास इसकी सीसीटीवी फुटेज भी है। मैं समझता हूं कि यह एक बड़ी घटना है। इसके दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।” यह घटना हाल ही में हुए दिल्ली नगर निगम चुनावों में भाजपा की बड़ी कुछ दिन बाद सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, हमला देर रात करीब 1 बजे हुआ। सीसीटीवी में कुछ लोग घर के भीतर घुसते दिख रहे हैं। इन लोगों ने मनोज तिवारी के ड्राइवर और सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट भी की। पुलिस ने मामला दर्ज करके चार लोगों को हिरासत में लिया है। नई दिल्ली डीसीपी बीके सिंह ने कहा कि यह रोड रेज से जुड़ा मामला है। मनोज तिवारी के घर के बाहर एक छोटा एक्सिडेंट हुआ था। जहां स्कॉर्पियो कार चला रहे मनोज तिवारी के ड्राइवर से एक वैगनआर कार में टक्कर लग गई थी। इसके बाद वैगनआर कार में सवार लोग मनोज तिवारी के घर में घुस आए थे। वैगनआर कार सवारों ने आरोप लगाया कि मनोज तिवारी के ड्राइवर ने उनसे मारपीट की और घर में जा धुसा था।

SI News Today

Leave a Reply