Sunday, September 8, 2024
featuredदिल्ली

कार ने चार को कुचला, दो की मौत

SI News Today

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। कश्मीरी गेट इलाके में एक तेज रफ्तार गाड़ी ने चार लोगों को रौंद दिया और फिर आगे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार की चपेट में आए चार लोगों में से दो लोगों की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर दिल्ली के उस्मानपुर इलाके का रहने वाला हरीश कुमार राजघाट की तरफ से बस अड्डे की ओर जा रहा था। उसकी कार काफी तेज गति में थी। रिंग रोड निगम बोध घाट से कुछ पहले हनुमान मंदिर के पुल से पहले हरीश ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी फुटपाथ पर आराम कर रहे लोगों पर चढ़ गई।

गाड़ी चढ़ते ही शोर मच गई। पीड़ित लोगों के शरीर से काफी खून निकलने लगा और वहां भीड़ जमा हो गई। कार के भी परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची उससे पहले चालक फरार होने की कोशिश करने लगा। पर वह भी गंभीर रूप से घायल हो चुका था सो उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो की हालत गंभीर बनी हुई है। इनकी उम्र 30 साल से ऊपर बताई जा रही है। इन सबकी पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग हनुमान मंदिर के पास प्रसाद और भंडारा खाकर फुटपाथ पर सोने चले आते हैं। शनिवार को तेज धूप के कारण ये लोग पुल से पहले पेड़ की छांव में बैठे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बीच-बचाव में आए व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

रणहौला इलाके में दोस्तों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मारा गया व्यक्ति कृष्ण त्यागी पहले भी दोनों दोस्तों के बीच हुए झगड़ो को शांत कराता रहा था। शुक्रवार की शाम जब त्यागी ने दोबारा इसी प्रकार को दोनों पक्षों में सुलह कराने की कोशिश की तो आपस में झगड़ा छोड़ आरोपी ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इलाके में इस घटना को लेकर तनाव फैला हुआ है। पुलिस ने गश्त बढ़ाते हुए लोगों को एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। परिजनों ने मामले की जांच स्पेशल सेल या अपराध शाखा से करने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि कृष्ण त्यागी परिजनों के साथ रणहौला में रहता था। कृष्ण के दोस्तों जितेंद्र और नेतराम का झगड़ा काफी समय से चल रहा है। 15 जून को भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था और तब भी कृष्ण ने सुलह की कोशिश की थी। 15 जून की वारदात की जानकारी पुलिस को दी गई थी। 17 जून को भी आरोपियों के बीच आपस में लड़ाई हुई। मामला पुलिस तक भी पहुंचा। शुक्रवार शाम को दोनों पक्षों में फिर झगड़ा हो गया। कृष्ण को जैसे ही जानकारी मिली वह फिर जितेंद्र व दो अन्य लोगों के साथ नेतराम के दफ्तर पहुंचा। इस बार आरोपी को कृष्ण पर ही गुस्सा आ गया। वे लोग कृष्ण को छत के ऊपर ले गए और लाठी डंडो से पीटना शुरू कर दिया। उसको तब तक मारते रहे जब तक वह बुरी तरह घायल नहीं हो गया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही घायल कृष्ण को पास के अस्पताल में पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कृष्ण के परिजनों का कहना है कि इस मामले की जांच स्थानीय पुलिस की जगह अपराध शाखा या स्पेशल सेल से होना चाहिए। चूंकि स्थानीय पुलिस ने इस मामले को कभी भी गंभीरता से नहीं लिया। अगर पुलिस गंभीर होती तो यह दिन देखने को नहीं मिलता। 15 व 17 जून की घटना के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर आरोपियों से मिलने का भी आरोप लगाया है।

SI News Today

Leave a Reply