उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह की जुबान शुक्रवार को उस समय फिसल गई, जब वो अलीगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश आज 59वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। बता दें कि देश 59वां नहीं बल्कि 69वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। संदीप सिंह पहली बार अलीगढ़ के अतरौली से विधायक बने हैं और पहली ही बार उन्हें राज्य सरकार में मंत्री बनाया गया है। उनकी उम्र अभी मात्र 26 साल है। वो योगी मंत्रिमंडल में सबसे युवा मंत्री हैं। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स बेकेट यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस एंड स्ट्रेटजिक कम्यूनिकेशंस में स्नातकोत्तर किया है। योगी सरकार ने पिछले साल उन्हें बुनियादी, माध्यमिक, उच्च, तकनीकि और चिकित्सा शिक्षा का राज्य मंत्री बनाया था। गौरतलब है कि संदीप सिंह राजनीतिक घराने से आते हैं। वो राजस्थान के गवर्नर और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार 26 जनवरी को देश 69वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। साल 1950 में आज के ही दिन भारत का संविधान अस्तित्व में आया था और भारत पूर्ण लोकतांत्रिक गणराज्य बना था। दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने विजय चौक पर तिरंगा फहराया। इस बार गणतंत्र दिवस की परेड करीब 90 मिनट तक चली। इस समारोह में शामिल होने के लिए पीएम मोदी समेत सभी आसियान देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी राजपथ पहुंचे थे।
भारत-आसियान सम्मेलन में शामिल होने आये आसियान देशों के नेता गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि थे। सभी मुख्य अतिथि सबसे पहले राष्ट्रपति भवन गए। फिर सुबह 9.35 बजे के बाद सभी को अलग-अलग कारों से राजपथ लाया गया। प्रोटोकॉल के मुताबिक सबसे पहले ब्रुनेई के प्रधानमंत्री और फिर थाईलैंड के राजा पहुंचे थे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान तीनों सेनाओं के सेनाध्यक्ष भी पीएम के साथ मौजूद रहे।