Tuesday, May 6, 2025
featuredलखनऊ

लखनऊ: कपड़े के गोदाम में लगी आग, मजदूर जिंदा जले…

SI News Today

लखनऊ: नरही में शुक्रवार देर रात एक कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई। अग्निकांड में गोदाम के तीसरे तल पर मौजूद दो मजदूर जिंदा जल गए। आग इतनी विकराल थी कि उसमें मजदूरों के फंसे होने की जानकारी शनिवार सुबह सबकुछ जलकर खाक होने के बाद हो सकी। इंस्पेक्टर हजरतगंज आनंद कुमार शाही के मुताबिक मजदूरों के घरवालों ने लापरवाही की शिकायत की है। छानबीन की जा रही है।

मूलचंद्र लेन नरही निवासी हीरा लाल का रामतीर्थ मार्ग पर कपड़े का गोदाम है। यहां मजदूर तीन मंजिला मकान में कपड़े की सिलाई का काम भी करते हैं। शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे गोदाम के तीसरे तल पर अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठतीं देखकर स्थानीय लोगों ने हीरा और उनके परिवारीजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर सर्विस को बुलाया गया। दमकल के मौके पर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। गोदाम के भीतर तीसरे मंजिल पर सीतापुर के रामपुर मथुरा, भुलभुलिया गांव निवासी मजदूर राधेश्याम चौहान (50) और बाराबंकी के जहांगीराबाद, रोटी गांव निवासी अनिल कुमार (30) मौजूद थे। दोनों मजदूर आग की लपटों में घिर गए, जिससे उनकी जलकर मौत हो गई।

कई घंटे बाद पाया जा सका काबू
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फायर सर्विस को उस पर काबू करने में काफी वक्त लगा। रात में आग तीसरे तल पर लगी थी, लेकिन बढ़ने पर दूसरे तल तक पहुंच गई और गोदाम में रखे ऊनी कपड़ों को चपेट में ले लिया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दमकल लौट गई, लेकिन शनिवार दोपहर में दोबारा गोदाम में आग लग गई। फिर दमकल की एक गाड़ी वहां पहुंची और आग पर काबू पाया।

परिवारीजनों ने मांगा इंसाफ
अग्निकांड में अनिल की मौत की जानकारी पर उसकी पत्‍‌नी कंचन मौके पर पहुंची। उसने गोदाम मालिक पर गंभीर आरोप लगाए। कंचन भी उक्त गोदाम में काम करती हैं। उन्होंने कहा कि आग रात में लगी थी और उनके पति का शव सुबह सात बजे मिला था। बावजूद इसके उन्हें इसकी सूचना नहीं दी गई। एक मजदूर ने सुबह करीब नौ बजे उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी। कंचन ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उनके परिवारीजनों का भी कहना है कि गोदाम मालिक इस हादसे के जिम्मेदार हैं। उन्हें पता था कि अनिल और राधेश्याम भीतर हैं। बावजूद इसके उन्हें बचाने का कोई प्रयास नहीं किया गया। परिवारीजनों ने उचित मुआवजे की मांग की है।

SI News Today

Leave a Reply