बॉलीवुड में बड़े दिल वालों की कमी नहीं है। जरूरत और मौके पड़ने पर उनका बड़प्पन दिख ही जाता है। एक्ट्रेस जीनत अमान के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। उन्होंने डॉन फिल्म में मुफ्त में काम किया था। यानी उन्होंने उसके लिए कोई फीस नहीं ली थी। यही नहीं, उनके अलावा कुछ और स्टार्स ने भी फिल्म में बगैर पैसों के काम किया था। यह बात तो बहुत लोग जानते हैं, लेकिन यह कम ही लोगों को पता है कि ऐसा हुआ क्यों था।
दरअसल , साल 1978 में डॉन फिल्म की शूटिंग चल रही थी। फिल्म की स्टार कास्ट में अमिताभ बच्चन, जीनत अमान, प्राण, इफ्तेखार, हेलन और ओमपुरी और पिंछू कपूर थे। चूंकि फिल्म के निर्माता नरीमन ईरानी नुकसान झेल चुके थे। उनकी माली हालत ठीक नहीं थी।
तब अमिताभ, जीनत और प्राण ने उनकी मदद करने की ठानी। वे इस फिल्म में उनकी मदद के लिए ही काम कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि शायद फिल्म की कमाई से निर्माता की कुछ मदद हो जाए।
किसी तरह डॉन की शूटिंग शुरू हुई। निर्देशक चंद्र बारोट ने फिल्म की कहानी सलीम जावेद से डेवलेप कराई। इसके बाद शूटिंग शुरू हुई। दो साल लग गए। इसी बीच एक बड़ी और दर्दनाक घटना हुई।
एक सड़क हादसे में फिल्म निर्माता की मौत हो गई। सभी लोग सदमे में थे। सोच रहे थे कि अब फिल्म का क्या होगा। ऐसे मुश्किल भरे दौर में फिल्म शूट हुई। निर्माता की मौत की खबर से जीनत भी आहत थीं। यही कारण था कि उन्होंने फिल्म के लिए एक भी पैसा नहीं लिया। उनके अलावा कुछ और कलाकारों ने भी फिल्म में फ्री में काम किया था।