featuredबिहार

आवास पर मौजूद सुरक्षाकर्मी इधर से उधर टहलते नज़र आये, लालू-राबड़ी आवास में सन्नाटा पसरा रहा

लालू प्रसाद को दुमका कोषागार से जुड़े चारा घोटाला मामले में सजा सुनाए जाने के बाद दस सर्कुलर रोड स्थित लालू-राबड़ी आवास में सन्नाटा पसरा रहा। आवास पर मौजूद सुरक्षाकर्मी इधर से उधर टहलते रहे। सुबह से ही पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव एवं विधायक तेजप्रताप यादव का ध्यान रांची की ओर लगा रहा। न्यायालय से मिल रही जानकारी को लेकर पार्टी नेताओं से लगातार वे संपर्क बनाए हुए थे। राजद प्रमुख लालू प्रसाद को सजा सुनाए जाने के बाद तेजस्वी प्रसाद यादव आवास से बाहर निकले।

वहीं, पार्टी दफ्तर में आम दिनों की तरह पार्टी नेताओं का आना-जाना लगा रहा। सबसे पहले वरिष्ठ नेताओं में प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन पहुंचे। उनके बाद पार्टी के प्रदेश सचिव संजय यादव, निराला यादव, ई. अशोक यादव, मदन शर्मा, सत्येंद्र पासवान, पटना जिला राजद अध्यक्ष देवमुनी सिंह यादव, पृथ्वीराज चौहान, कार्यालय सचिव चंदेश्वर प्रसाद सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता पहुंचे। पार्टी दफ्तर में राजद नेताओं व कार्यकर्ता के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

दोपहर तक करीब 25 से अधिक नेता व कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। सभी रांची कोर्ट के फैसले से निराश थे, हालांकि उन्होंने न्याय के लिए जनता की अदालत में मजबूती से पक्ष रखने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Exit mobile version