featuredउत्तर प्रदेश

अब प्रेमी संग शादी करेगी ‘रिवॉल्वर रानी’

यूपी में 15 मई को दूल्हे अशोक को बूंदूक की नोक पर मंडप से उठाने वाली प्रेमिका अब उसी से शादी करने जा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने अशोक और उसकी प्रेमिका नेहा को पकड़ लिया था। अपने बयान में नेहा ने पुलिस से कहा था कि वह मंडप पर बंदूक लेकर नहीं गई थी और न ही उसने अशोक को किडनैप किया था बल्कि वह खुद नेहा के साथ गया था। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद पहले तो अशोक यह कहता रहा कि उसने नेहा से कोई शादी का वादा नहीं किया था और न ही वह अपनी रजामंदी के साथ उसके साथ गया था। पुलिस ने जब अशोक से सख्ताई से पूछताछ की तो उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले 8 सालों से नेहा को जानता है और वह अपने मां-बाप की मर्जी से कराई जा रही शादी से खुश नहीं था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहले अशोक के पिता नेहा के खिलाफ पुलिस में शिकायत कराने के लिए आए थे। इससे पहले की हम नेहा पर कोई कार्रवाई कर पाते वे दोबारा हमारे पास आए और शिकायत वापस लेकर नेहा के साथ समझौता करने की बात कहने लगे। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति के साथ अशोक और नेहा की शादी कराने का फैसला किया है, इसलिए नेहा के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत रद्द कर दी गई है। इस मामले में आगे किसी प्रकार की पेचीदगी न हो इसके लिए शनिवार को अशोक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां पर उसका बयान दर्ज कराया गया।

मीडिया में पहले आई रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना हमीरपुर के मौदहा थानाक्षेत्र के गांव भवानी की है। अशोक दुल्हन का मंडप पर इंतजार कर रहा था कि तभी स्कॉर्पियों कार में कुछ लोगों के साथ आई नेहा ने बंदूक की नोक पर उसका अपहरण कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने नेहा को बांदा से गिरफ्तार किया। नेहा ने पुलिस को अपने बयान में कहा था कि जब वह शादी समारोह में पहुंची थी तब अशोक का मुंह उतरा हुआ था, जिसे देखकर साफ पता चल रहा था कि वह इस शादी से खुश नहीं था।

Leave a Reply

Exit mobile version