लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के एक महीने में ही भाजपा के साथ हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता व नेताओं के अभद्र आचरण पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद गंभीर हैं। उन्होंने सख्त लहजे में सभी को चेतावनी भी दी है। सीएम योगी ने कार्यकर्ता तथा नेताओं को कानून हाथ में न लेने को कहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि केंद्र के बाद प्रदेश में भारी बहुमत से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है, जिसमें कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका है। विजयी होने पर दायित्व भी बढ़ जाते हैं। सरकार की योजनाओं को परिवार व जाति से अलग हटकर सर्व समाज तक पहुंचाना है बगैर किसी भेदभाव के साथ। सांसद, विधायकों से अधिक कार्यकर्ता आम जनता के सम्पर्क में रहते हैं, इसी कारण अब उनकी जिम्मेदारी भी अधिक है।
एक दिन के बुंदेलखंड के दौरे पर कल झांसी गए योगी आदित्यनाथ ने भाजपा तथा हिंदू युवा वाहिनी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सत्ता में रहकर कार्य करने के गुर बताए। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ता विपक्ष में नहीं हैं, जो धरना व प्रदर्शन किया जाए।अब सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं और जनता की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों के माध्यम से सरकार तक ले जाएं। उन्होंने साफ कहा कि मर्यादा में रहकर कार्य करें और कानून तो कतई हाथ में नहीं लें।