मशहूर अमेरिकी मॉडल, एक्ट्रेस और सिंगर ‘मर्लिन मुनरो’ अपने समय की बेहद चर्चित एक्ट्रेस थीं। मुनरो का जंम 1 जून 1926 को हुआ था। इनकी मौत 5 अगस्त 1962 को हुई। इस तरह से मर्लिन महज 36 साल में ही इस दुनिया को छोड़कर चली गईं। इतनी कम उम्र में उन्होंने जितनी सुर्खियां बटोरी, उतनी शायद ही और किसी ने बटोरी हों। मर्लिन हॉलीवुड की एक ऐसी सुपरस्टार थीं, जिनकी ओर लोग खिंचे चले आते थे। लेकिन उनके करीब आना बहुत कम लोगों के लिए ही संभव था। उनके चाहने वाले दुनिया के हर कोने में फैले हुए थे।
मर्लिन का जीवन बाहर से काफी चकाचौंध भरा लगता था मगर सच्चाई इससे काफी अलग थी। वह अपने जीवन में हमेशा सच्चे प्यार की तलाश में भटकती रहीं। उन्हें कई लोगों ने धोखा दिया था। मुनरो की चर्चा इतनी थी कि उनका नाम अमरीकी राष्ट्रपति जॉन कैनेडी से लेकर गायक फ्रैंक सिनात्रा और बेसबाल खिलाड़ी जो डिमैगियो तक से जुड़ा गया था। इसके अलावा भी दूसरे कई लोगों के साथ उन्हें कई बार देखा गया था। एक और दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने 36 साल के छोटे से जीवन में तीन शादियां की थीं।
मगर अफसोस कि उनकी एक भी शादी सफल नहीं रही। इससे वह काफी आहत हो चुकी थीं। उन्होंने लिखा, ”मैं हमेशा किसी की बीवी होने से डरती रही हूं। क्योंकि मुझे पता है कि कोई किसी दूसरे को प्यार नहीं कर सकता। इसलिए कल से मैं अपना ख्याल खुद रखना शुरू करूंगी क्योंकि यही मेरी पूंजी है। पहले भी ऐसा था और आज भी ऐसा ही है। मुनरो की रहस्यमयी मौत भी काफी चर्चा का विषय बनी। उनकी इस अचानक हुई मौत ने सभी लोगों को चौंका दिया था। मर्लिन के बारे में बताया जाता है कि उन्हें खाना बनाना बहुत पसंद था।